Jamshedpur: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जमशेदपुर के XLRI सभागार में दुरंड कप 2025 ट्रॉफी के अनावरण समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने इसे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि दुरंड कप जैसी प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता का हिस्सा बनना राज्य की खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा।उन्होंने कहा कि दुरंड कप केवल एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक खेल विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष इसके कुछ मुकाबले झारखंड में खेले जाएंगे, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और यहां की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगा।
झारखंड की मिट्टी में खेलों का गहरा संस्कार है। राज्य के कई गांवों में बच्चे उत्साह के साथ फुटबॉल और अन्य खेलों में भाग लेते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के विकास के लिए कई अहम और क्रांतिकारी पहलें शुरू की गई हैं। ‘खेलो इंडिया’ और ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS)’ जैसी योजनाओं को खेल क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘राष्ट्रीय खेल नीति 2025’ को एक दूरदर्शी कदम बताया गया है, जो भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
खेलों के इस विस्तार का उद्देश्य न केवल खेल भावना को बढ़ावा देना है, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय और युवाओं के मनोबल को भी मजबूती देना है। फुटबॉल ऐसा खेल है जो गली-कूचों से निकलकर स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सपना जगाता है। यह खेल अवसरों की समानता का प्रतीक है और ग्रामीण तथा शहरी, सभी पृष्ठभूमियों के युवाओं को एक समान मंच उपलब्ध कराता है।