Ranchi : नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से हो, इसे लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का जायजा लिया। यहां से 22 फरवरी को पोलिंग पार्टियों को उनके-उनके मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
खुद जाकर देखी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान डीसी ने एक-एक व्यवस्था को ध्यान से देखा। मतदान कर्मियों के बैठने की व्यवस्था कैसी है, काउंटर पर सामग्री किस तरह दी जाएगी, मतपेटियां कहां और कैसे रखी गई हैं, वाहनों की व्यवस्था ठीक है या नहीं, सुरक्षा इंतजाम कैसे हैं, पेयजल, शौचालय और रोशनी की स्थिति क्या है… इन सभी बातों की उन्होंने मौके पर जांच की। सबसे खास बात यह रही कि डीसी ने खुद मतपेटियों की लॉक और सीलिंग व्यवस्था को चेक किया। उन्होंने साफ कहा कि मतपेटी की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।
पारदर्शिता सबसे जरूरी, लापरवाही नहीं चलेगी
डीसी भजंत्री ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए। राज्य निर्वाचन आयोग ने जो दिशा-निर्देश दिए हैं, उनका पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझे और उसी हिसाब से काम करे।
22 फरवरी को चरणबद्ध तरीके से होगी रवानगी
मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर से 22 फरवरी को रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र की पोलिंग पार्टियां चरणबद्ध तरीके से रवाना होंगी। डिस्पैच प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए काउंटरवार टीमों की तैनाती की गई है। हर पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री देने से पहले उसका मिलान किया जाएगा और फिर विधिवत हस्तांतरण किया जाएगा। सेक्टर पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और संबंधित कोषांगों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील बूथों पर खास नजर
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, कंट्रोल रूम, मेडिकल टीम और परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की तैयारी
डीसी भजंत्री ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और इसे सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है ताकि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, सिटी एसपी पारस राणा, रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : JSSC CGL 2023 पेपर लीक : CID के शिकंजे में मुख्य आरोपी अनीश कुमार


