Ranchi : झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में सुबह और शाम की ठंड बढ़ने लगी है, जिससे लोगों ने हल्की सर्दी का अहसास करना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
रांची में तापमान 15 डिग्री से नीचे जाने की संभावना
पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम रह सकता है। रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी की दस्तक
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तरी दिशा से ठंडी हवाएं बह रही हैं, जिसके कारण रात के समय तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। सुबह के समय हल्की सर्द हवाओं के कारण लोग अब गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अगले सप्ताह तक बादल नहीं बने, तो राज्य में सर्दी का असर और बढ़ जाएगा।

सुबह रहेगा कोहरा, दिन में साफ रहेगा आसमान
मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में राज्यभर में तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे जा सकता है। नवंबर के पहले सप्ताह में सर्दी की शुरुआत सामान्य मानी जाती है, और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराने की संभावना है।

