Patna : बिहार के CM नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है। सीएम ने बाढ़ पीड़ित 6 लाख 51 हजार 602 परिवारों के बैंक खातों में 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 456 करोड़ 12 लाख रुपये की अनुग्रह राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की है। यह राशि पटना में 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भेजी गई।
CM ने X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा, “राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। राज्य सरकार राज्यवासियों के हित में निरंतर कार्य कर रही है।” बिहार में गंगा सहित कई नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बक्सर, भागलपुर, आरा, कटिहार, पटना, बेगूसराय, मुंगेर और नालंदा समेत 12 जिलों के 60 से अधिक प्रखंडों में लगभग 38 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और कटाव के कारण कई लोग बेघर हो गए, जबकि किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
आज 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बाढ़ से प्रभावित कुल 6 लाख 51 हजार 602 परिवारों के बैंक खाते में 7000 रु॰ प्रति परिवार की दर से कुल 456 करोड़ 12 लाख रु॰ की आनुग्रहिक राहत राशि का डी॰बी॰टी॰ के माध्यम से अंतरित किया। राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। राज्य सरकार… pic.twitter.com/WyjDENRGct
— Nitish Kumar (@NitishKumar) August 20, 2025
सीएम नीतीश कुमार ने पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया था और अब अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा बाढ़ पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया है। बिहार में बाढ़ का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Also Read : बोकारो में नियोजन की मांग को लेकर पुलिस से भिड़े ग्रामीण, थानेदार का फटा सिर