Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जन-जागरूकता के लिए संचालित प्रचार वाहनों के “फ्लैग ऑफ़ कार्यक्रम” में शामिल होकर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह 25 वर्षों की यात्रा झारखंड के आत्मगौरव, संघर्ष और विकास की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि रजत जयंती के साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है, जो झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है।
ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों और गाँवों में जाकर झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियाँ, जनकल्याणकारी योजनाएँ और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुँचाएंगे। इनके माध्यम से युवाओं, महिलाओं और किसानों को राज्य के समेकित विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलक देखने को मिली। पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और झारखंडी वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। दुमका के संताली बैंड सहित कई स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से राज्य की सांस्कृतिक एकता और विविधता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी सहित विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन झारखंड की रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाओं और विकास के प्रति नए संकल्प के साथ किया गया।

Also Read : घाटशिला उपचुनाव: 3 बजे तक 69.07% मतदान, बूथों पर जारी है मतदाताओं की भीड़

