Ranchi : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें सिर में गंभीर चोट के कारण दो अगस्त से इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। आज यानी 15 अगस्त को रात करीब 10:45 बजे उनके आधिकारिक ट्विटर अकाउंटर पर यह जानकारी साथा की गयी है। पोस्ट में उनकी तस्वीर शेयर कर लिखा गया है… “अत्यंत ही दुख के साथ यह बता रहा हूँ की मेरे पिताजी रामदास सोरेन जी अब हमारे बीच नही रहे।”
दो अगस्त को सुबह 4:30 बजे, रामदास सोरेन अपने घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताया। उनके ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया था, जिसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया।
सुबह 9:30 बजे सोनारी एयरपोर्ट से उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली भेजा गया। अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
रामदास सोरेन झामुमो के प्रमुख नेताओं में से एक थे और वर्तमान में घाटशिला से विधायक थे। चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद, हेमंत सोरेन ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में कोल्हान के बड़े नेता के रूप में मंत्री बनाया था। 2024 के चुनावी नतीजों के बाद उन्हें फिर से मंत्री बनाया गया था।

Also Read : स्वतंत्रता दिवस पर PM ने लॉन्च किया युवाओं के लिए “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना”…