जामताड़ा : बुधवार को शहर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय में विश्व पुस्तक दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों को पुस्तक पढ़ने की महत्ता और इसकी भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
सर्वप्रथम विद्यालय के विद्यासागर भवन के सम्पादक बासुदेव मंडल, बांग्ला भाषा के प्रख्यात विद्वान कोमल गंदोपाध्याय, झारखंड बंगाली समिति जामताड़ा के अध्यक्ष व शिक्षाविद् डॉ दुर्गादास भंडारी, संत एंथोनी विद्यालय के निदेशक डॉ चंचल भंडारी, प्राचार्य अरूप कुमार यादव, उप प्राचार्य लारेब खान, विजन इ सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी, समाजसेवी अशोक कुमार मंडल ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। मौके पर विद्यालय की मुख्य संरक्षक व शिक्षाविद् डॉ दुर्गादास भंडारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें हमारे व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। ये ज्ञान का खजाना होती हैं और हमें जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने में सहायता करती हैं।
तत्पश्चात, विद्यालय के निदेशक डॉ चंचल भंडारी ने पुस्तक पढ़ने का महत्व बताते हुए कहा कि एक अच्छा पाठक एक अच्छा विचारक बनता है। पुस्तक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हम पुस्तकों के माध्यम से न केवल जानकारी, बल्कि नैतिकता, संस्कृति और सोचने की शक्ति भी प्राप्त करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य अरूप कुमार यादव ने सभी आंगतुक अतिथियों, अध्यापकों, प्रतिभागियों और आयोजकों धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी को आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने ज्ञान के इस अनमोल स्रोत से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस शुभ अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जैसे – पुस्तक समीक्षा, चित्रकला, भाषण, और पोस्टर मेकिंग। एक पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई जहाँ छात्रों को विभिन्न विषयों की पुस्तकें देखने और पढ़ने का अवसर मिला।पुस्तक दिवस का यह आयोजन सफल रहा और सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।मौके पर विश्व के तमाम लेखक, साहित्यकार, कवि तथा समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।