Palamu : पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरीसबा के रूप में हुई है, जो पिछले आठ दिनों से लापता थी। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। परिजनों के मुताबिक नूरीसबा 8 जून से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 11 जून को मोहम्मदगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस भी महिला की तलाश में जुटी थी। सोमवार शाम कब्रिस्तान के पास शव मिलने की सूचना मिली तो पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि नूरीसबा के पति मुजाहिद शेख, जो मंझिआंव थाना क्षेत्र के घुरुआ गांव का रहने वाला है, ने दूसरी शादी कर ली थी। परिजनों का कहना है कि महिला के शरीर पर कई संदिग्ध निशान मिले हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि हत्या के बाद शव को कब्रिस्तान में फेंका गया और उस पर तेजाब भी डाला गया हो। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसी साजिश या आपराधिक घटना का हाथ है या नहीं। घटना के बाद रसूलपुर गांव और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : डायन-बिसाही के आरोप में खू’नी संघर्ष, आधा दर्जन से अधिक घायल

