Jamtara : आदिवासी अस्मिता, अधिकार और न्याय की रक्षा की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गुरूवार को जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन स्व. सूर्या नारायण हांसदा की फर्जी इनकाउंटर की सीबीआई जांच, नगड़ी में आदिवासियों की खेती योग्य भूमि पर जबरन रिम्स-2 निर्माण, लचर स्वास्थ्य व्यवस्था सहित कई स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में जामताड़ा प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशन में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आज सभी लोग एकजुट होकर प्रखंड मुख्यालय में एकत्रित हुए हैं। उन्होंने सूर्या नारायण हांसदा के एनकाउंटर को सुनियोजित हत्या करार देते हुए सीबीआई जांच कराने की मांग की। बाउरी ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री रहते हुए भी एक आदिवासी युवक की हत्या का सच सामने नहीं लाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों की जमीन जबरन अधिग्रहित कर रिम्स-2 के नाम पर उनका शोषण कर रही है, जबकि आदिवासियों से वोट लेकर उनकी सुरक्षा की बात की गई थी।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने स्वास्थ्य मंत्री और जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से विफल है। उन्होंने नारायणपुर अस्पताल में नवजात की मौत के बाद मामले में नवजात के परिजनों पर मुकदमा दर्ज करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि मंत्री केवल अपने पदाधिकारियों और ठेकेदारों के हित में काम कर रहे हैं, जबकि आम जनता की समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं। साथ ही सुमित शरण ने आदिवासी सरना स्थल की अपमानजनक घटना और पेसा कानून को लागू न करने पर भी तीखा प्रहार किया।
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री मितेश शाह, सुरेश राय, तरुण गुप्ता, विनोद मंडल, जिला मंत्री सुजाता सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की भी घोषणा की। प्रदर्शन में आदिवासियों की न्यायपूर्ण मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की गई और सरकार की आलोचना की गई।