Dhanbad : भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को धनबाद दौरे पर रहीं। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने हीरापुर हटिया स्थित महावीर मंदिर और काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने हीरापुर हटिया इलाके में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। हाथ में झाड़ू लेकर उन्होंने लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस मौके पर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया।
‘मोदी सरकार के 12 साल विकास और जनकल्याण के नाम’
मीडिया से बातचीत में अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को “बेमिसाल” बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना चुका है।
‘दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने का गौरव मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न देशों की ओर से मिले 32 सर्वोच्च नागरिक और राष्ट्रीय सम्मान इस बात का प्रमाण हैं कि दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। उनके अनुसार, यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का सम्मान है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझ नहीं है कि कब और क्या बोलना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि वह विदेशों में जाकर भारत की आलोचना करते हैं, जो देशहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी में राजनीतिक परिपक्वता होती तो वे इस तरह के बयान नहीं देते। उनका कहना था कि राहुल गांधी का नजरिया अलग है और इसी वजह से वह अक्सर विवादित टिप्पणियां करते रहते हैं। केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
Also Read : बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे संजय सेठ, राष्ट्र की खुशहाली के लिए की पूजा-अर्चना

