Joharlive Desk : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया है। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। 5 जून 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि अन्नामलाई, जो तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा सौंपा था। पार्टी अध्यक्ष ने उस इस्तीफे को मंजूरी दे दी है।
अरुण सिंह ने दी आधिकारिक जानकारी
यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी प्रेस रिलीज में दी गई है। प्रेस विज्ञप्ति पर उनके हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। पत्र में इस्तीफे के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अन्नामलाई ने किन परिस्थितियों में पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चा
अन्नामलाई दक्षिण भारत में भाजपा के प्रमुख चेहरों में गिने जाते रहे हैं। ऐसे में उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई अतिरिक्त बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं अन्नामलाई की तरफ से भी सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अन्नामलाई के इस्तीफे के पीछे की वजह सामने आने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में इसके असर को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा। फिलहाल भाजपा की ओर से केवल इस्तीफा स्वीकार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि की गई है।
Also Read : विश्व पर्यावरण दिवस पर जामताड़ा पुलिस ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


