Ranchi : मौसम विभाग ने झारखंड में 10 से 13 अगस्त तक तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 10 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
11-12 अगस्त को मध्यम बारिश की संभावना
11 और 12 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। 12 अगस्त को भी कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में हल्की गिरावट
राज्य में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 26.1°C और न्यूनतम 21.9°C रहा। चाईबासा में 33°C और गढ़वा में 32.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश बोकारो (79.5 मिमी) और चाईबासा (60.0 मिमी) में हुई।
13 अगस्त से फिर बदलेगा मौसम
13 अगस्त को राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 14 और 15 अगस्त को बारिश में कमी आने की उम्मीद है और मौसम सामान्य रह सकता है।
मानसून की गतिविधि तेज
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश बढ़ सकती है। मानसून की टर्फ रेखा और साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी राज्य के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं।
गर्म रहेंगे संथाल के जिले
गोड्डा और पाकुड़ में आज तापमान 34°C तक पहुंच सकता है। धनबाद, दुमका, देवघर और साहिबगंज में तापमान 33°C तक रहने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 26-27°C के बीच रहेगा।
Also Read : JSSC सहायक आचार्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, आधे से ज्यादा पद खाली