Foundation day Inside Header and Homepage 1st
- Advertisement -

झारखंड में जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराना होगा महंगा, देना होगा 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क, सरकार ने लागू किया नियम

Foundation Day Square Ad
- Advertisement -
जोहार लाइव ब्यूरो
रांची: झारखंड के शहरी क्षेत्रों में जमीन या मकान की खरीद-बिक्री करने वालों को अब रजिस्ट्री के लिए पहले से अधिक पैसे खर्च करने होंगे. राज्य सरकार ने जमीन और मकान के रजिस्ट्रेशन पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने का नियम लागू कर दिया है. यह अतिरिक्त शुल्क स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस की कुल राशि पर लगेगा. नई व्यवस्था नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और अधिसूचित औद्योगिक क्षेत्रों में लागू होगी.
इन क्षेत्रों में जमीन या मकान की रजिस्ट्री कराने पर पहले की तरह स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी. इसके अलावा दोनों शुल्कों को जोड़कर बनने वाली कुल राशि का 10 प्रतिशत अतिरिक्त देना होगा. सरकार ने यह व्यवस्था झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 152 (1)(ग) के तहत की है.

एक लाख रुपये शुल्क पर देने होंगे 10 हजार अतिरिक्त

नई व्यवस्था को उदाहरण से समझें तो किसी जमीन या मकान की रजिस्ट्री पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस मिलाकर एक लाख रुपये खर्च होते हैं, तो अब 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे. इस तरह कुल शुल्क 1.10 लाख रुपये हो जाएगा. यानी यह अतिरिक्त शुल्क जमीन या मकान की कीमत पर नहीं, बल्कि स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस की कुल राशि पर लगेगा.
नए नियम के अनुसार, संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी होने से पहले ही संबंधित निबंधन पदाधिकारी अतिरिक्त शुल्क की वसूली करेंगे. अगर किसी जमीन या मकान की रजिस्ट्री उस क्षेत्र के बजाय किसी दूसरे निबंधन कार्यालय में कराई जाती है, तब भी यह शुल्क देना होगा. यानी दूसरे कार्यालय में रजिस्ट्री कराने से इस अतिरिक्त शुल्क से छूट नहीं मिलेगी.
हालांकि, यदि किसी कारण से संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी नहीं हो पाती है, तो जमा की गई अतिरिक्त राशि वापस कर दी जाएगी. वहीं, सरकार की ओर से किसी मामले में स्टांप ड्यूटी या रजिस्ट्रेशन फीस माफ किए जाने पर यह अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लगेगा.

नगर निकायों के खाते में जमा होगी राशि

सरकार ने इस अतिरिक्त शुल्क से मिलने वाली राशि को संबंधित नगर निकायों की आय बनाने का प्रावधान किया है. इसके लिए प्रत्येक नगर निकाय और अधिसूचित औद्योगिक क्षेत्र का अलग बैंक खाता खोला जाएगा. रजिस्ट्री के दौरान वसूली गई राशि सीधे संबंधित खाते में जमा होगी.
इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा. इसके लिए राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के पोर्टल को नगर विकास एवं आवास विभाग के पेमेंट गेटवे से जोड़ा जाएगा. झारखंड राज्य शहरी विकास अभिकरण इस व्यवस्था के संचालन के लिए मानक प्रक्रिया तैयार करेगा.
नियमावली के अनुसार, नगर निकाय इस राशि का इस्तेमाल अपने राजस्व और विकास से जुड़े खर्चों के लिए कर सकेंगे. इससे नगर निकायों को शहरी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध होगी.
इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग ने 20 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है. ‘झारखंड नगरपालिका भूमि/भवन स्थानांतरण नियमावली, 2026’ नाम से जारी यह नियमावली 23 नवंबर 2026 को झारखंड गजट के असाधारण अंक में प्रकाशित हुई. नियमावली गजट में प्रकाशन की तारीख से प्रभावी हो गई है.
AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More
💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More