रांची : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को MMDR (माइंस एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) संशोधन कानून को वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने का संकल्प पारित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में इस कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि MMDR संशोधन कानून व्यापारियों के हित में बनाया गया है और इसके जरिए झारखंड के संवैधानिक अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की जा रही है. केंद्र सरकार को इस कानून को वापस लेना चाहिए.
संविधान दिवस के अवसर पर सदन में अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में शामिल ‘हम भारत के लोग’ तीन शब्द सुनने में भले ही साधारण लगते हों, लेकिन इनके मायने बहुत व्यापक हैं. इन्हीं शब्दों के आधार पर देश की संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया तय हुई है. उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों की रक्षा करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना संवैधानिक जिम्मेदारी है.
मुख्यमंत्री ने विपक्षी भाजपा विधायकों के सदन से बाहर चले जाने पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कल भी विपक्ष ने ऐसा ही किया था और आज भी संवेदनशील विषयों पर चर्चा के दौरान सदन से बाहर चला गया. भाजपा के लोगों का केंद्रीकरण हो गया है. उन्हें अच्छे-बुरे और सही-गलत से कोई लेना-देना नहीं रह गया है. इतने महत्वपूर्ण संवैधानिक विषयों पर विपक्ष का यह रवैया चिंता का विषय है.
SIR की प्रक्रिया नहीं, कार्यप्रणाली पर सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दिनों में सदन में SIR और MMDR संशोधन पर चर्चा हुई. ये केवल राजनीतिक बहस के विषय नहीं हैं, बल्कि संवैधानिक सवाल हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार SIR जैसी संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध नहीं करती, लेकिन इसे लागू करने के तरीके पर सवाल जरूर हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां अलग हैं. राज्य में ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों ने अब तक जिला मुख्यालय तक नहीं देखा है. कई लोग अभी भी हिंदी नहीं बोल पाते हैं. ऐसे में SIR की प्रक्रिया में स्थानीय भाषा, शिक्षा और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने मतदान के अधिकार का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने निरक्षर लोगों को भी मताधिकार दिया था. लोकतंत्र में एक ठेला चलाने वाले और बड़े पूंजीपति के वोट का मूल्य बराबर है. लेकिन मौजूदा सरकार SIR के माध्यम से मतदाताओं का मूल्यांकन करने की प्रक्रिया अपना रही है. ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी प्रभावित न हो.
झारखंड भीख नहीं, अपना हक मांग रहा है
MMDR संशोधन कानून पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है. इसे किसी तरह का अनुदान या भीख नहीं समझा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “ये अनुदान हमारा हक है. हम भीख नहीं मांग रहे हैं. उनको ये देना पड़ेगा, आज नहीं तो कल देना पड़ेगा.”
उन्होंने कहा कि खनिजों से प्राप्त होने वाली राशि को केवल राज्य के खजाने में बढ़ोतरी के रूप में नहीं देखा जा सकता. यह खनन के कारण होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति है. राज्य की मांग को केंद्र सरकार अब तक गलत साबित नहीं कर पाई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने अपने अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी और जीत हासिल करने के बाद क्षतिपूर्ति की मांग शुरू की. जब तक कानूनी लड़ाई चल रही थी, तब तक केंद्र सरकार चुप रही. लेकिन जब राज्य ने अपनी मांग को आगे बढ़ाया, तब केंद्र सरकार संशोधन कानून लेकर आई और राज्य के हाथ बांधने का काम किया.
निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निजी कंपनियों और व्यापारिक घरानों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कोयला खदानों को निजी एजेंसियों को सौंपकर उनके हितों को साधने का काम किया गया है. जब निजी कंपनियों की जेब नहीं भरी तो राज्य के अधिकारों पर रोक लगाने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोई सरकारी कंपनी माइनिंग नहीं कर रही है. MMDR संशोधन कानून व्यापारियों के हित में है. झारखंड भी भारत का हिस्सा है और राज्य को भी संविधान के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का हक है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से MMDR संशोधन कानून वापस लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों और संघीय व्यवस्था की रक्षा के लिए इस कानून पर पुनर्विचार जरूरी है. इसी मांग के साथ झारखंड विधानसभा में MMDR संशोधन कानून को वापस लेने या उस पर पुनर्विचार करने का संकल्प पारित किया गया.


No comments yet. Be the first to comment!