विजय उरांव, जोहार लाइव संवाददाता
15 नवंबर 2000 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए झारखंड ने पिछले 26 वर्षों में विकास के अलग-अलग क्षेत्रों में लंबा सफर तय किया है. राज्य की इस यात्रा को तथ्यों और आंकड़ों के साथ दर्ज करने के लिए जोहार लाइव की विशेष सीरीज ‘26 साल का झारखंड, 26 उपलब्धियां’ शुरू की गई है. पहले भाग में शिक्षा के बदलावों को रखा गया था—जहां 2001 की 53.56 प्रतिशत साक्षरता दर और चार विश्वविद्यालयों से शुरू हुआ सफर आज आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और केंद्रीय विश्वविद्यालय तक पहुंचा है.
दूसरी कड़ी में बात स्वास्थ्य क्षेत्र की. राज्य गठन के समय झारखंड बुनियादी सुविधाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा था. वर्ष 2001 में 5,548 की जरूरत के मुकाबले महज 3,495 उपकेंद्र, 1,387 की जगह 533 पीएचसी और 231 के मुकाबले केवल 31 रेफरल अस्पताल थे. राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-2, 1998-99) के अनुसार उस समय झारखंड क्षेत्र में केवल 13.9 प्रतिशत प्रसव अस्पतालों में होते थे, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण महज 8.8 प्रतिशत था और शिशु मृत्यु दर प्रति हजार जीवित जन्म पर 54.3 थी.
पिछले ढाई दशक में इस तस्वीर में बड़ा और निर्णायक बदलाव आया है. संस्थागत प्रसव 13.9 प्रतिशत से बढ़कर 85.7 प्रतिशत और पूर्ण टीकाकरण 8.8 प्रतिशत से बढ़कर 89.7 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है. मातृ मृत्यु अनुपात में 67 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. तीन मेडिकल कॉलेजों से शुरू हुआ सफर आज एम्स देवघर और छह राज्य मेडिकल कॉलेजों तक फैल चुका है. झारखंड की स्वास्थ्य यात्रा के 26 महत्वपूर्ण पड़ाव इस प्रकार हैं.
स्वास्थ्य ढांचा और संसाधनों का विस्तार
1. सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का नेटवर्क : वर्ष 2001 में जहां राज्य में महज 4,059 बुनियादी स्वास्थ्य केंद्र (3,495 उपकेंद्र, 533 पीएचसी और 31 रेफरल अस्पताल) उपलब्ध थे, वहीं झारखंड आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार अब राज्य में 4,996 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान कार्यरत हैं. इनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में अपग्रेड किए गए उपकेंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हैं, जहां ब्लड प्रेशर, डायबिटीज व कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की शुरुआती जांच हो रही है.
2. सरकारी अस्पतालों में 16,719 बेड : राज्य गठन के समय गिने-चुने बड़े अस्पतालों तक सीमित बिस्तरों की व्यवस्था का विस्तार होकर अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में कुल 16,719 बेड उपलब्ध हैं. इनमें अकेले रांची में 3,688 बेड हैं, जो कुल सरकारी बेड का लगभग 22 प्रतिशत है.
3. निजी स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार : वर्ष 2000 में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को वेल्लोर, दिल्ली या कोलकाता जाना पड़ता था, लेकिन अब राज्य के भीतर ही बड़ा निजी ढांचा खड़ा हुआ है. सीएजी की मार्च 2022 की रिपोर्ट के अनुसार झारखंड में 9,304 निजी स्वास्थ्य संस्थान दर्ज थे—जिनमें 5,905 क्लीनिक, 1,498 एकल विशेषज्ञता अस्पताल, 1,473 मल्टी-स्पेशियलिटी और 121 सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं.
4. मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक : नवंबर 2000 में राज्य के पास केवल तीन सरकारी मेडिकल कॉलेज (रांची, जमशेदपुर और धनबाद) थे. 26 वर्षों में दुमका, हजारीबाग और पलामू में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने और देवघर में एम्स की स्थापना हुई, जिससे उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थानों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई.
5. डॉक्टरों की उपलब्धता : राज्य गठन के बाद कैडर विभाजन और डॉक्टरों की भारी कमी से जूझने वाली सरकारी व्यवस्था में सुधार हुआ है. दिसंबर 2025 तक राज्य में एमबीबीएस मेडिकल ऑफिसर के 2,280 स्वीकृत पदों में से 1,613 पद भरे हुए थे (इसमें निजी क्षेत्र के डॉक्टर शामिल नहीं हैं).
6. विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती : आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार दिसंबर 2025 तक राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्वीकृत पदों में से 54.5 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति दर्ज की गई है, जिससे जिला स्तर पर विशेषज्ञ सेवाओं को आधार मिला है.
7. नर्सों और एएनएम का नेटवर्क : दिसंबर 2025 तक ग्रेड-ए नर्सों के स्वीकृत पदों में 61.1 प्रतिशत पद भरे थे, जबकि 10,117 स्वीकृत एएनएम पदों में से 7,539 पर नियुक्ति हो चुकी थी. ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और मातृ-शिशु देखभाल में एएनएम की भूमिका सीधे आम परिवारों से जुड़ी है.
8. आशा (सहिया) कार्यकर्ताओं की पहुंच : राज्य गठन के समय ग्रामीण इलाकों में सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का कोई संगठित नेटवर्क नहीं था (एनआरएचएम की शुरुआत 2005 में हुई). आज गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं, दवाएं और जांच पहुंचाने के लिए राज्य में स्वीकृत पदों के मुकाबले 95.2 प्रतिशत आशा कार्यकर्ताओं की तैनाती है.
9. स्वास्थ्य बजट में कई गुना बढ़ोतरी : अलग राज्य बनने के शुरुआती वर्षों में कुछ सौ करोड़ रुपये तक सिमटने वाला स्वास्थ्य बजट अब हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. झारखंड सरकार के 2026-27 के बजट व्याख्यात्मक ज्ञापन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के लिए 6,681.77 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है (2025-26 का संशोधित अनुमान 6,840.41 करोड़ रुपये था).
10. 108 एंबुलेंस सेवा का नेटवर्क : राज्य गठन के समय राज्य में कोई केंद्रीकृत सरकारी आपातकालीन एंबुलेंस नेटवर्क नहीं था. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब राज्य में 108 सेवा के तहत 542 एंबुलेंस दर्ज हैं, जिनमें से 496 एंबुलेंस संचालन एजेंसी को सौंपी गई हैं.

इलाज, मानसिक स्वास्थ्य और मरीजों की पहुंच
11. ओपीडी मरीजों में 157 प्रतिशत की वृद्धि : सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले ओपीडी मरीजों की संख्या वित्त वर्ष 2020-21 के 95.49 लाख से बढ़कर 2024-25 में 2.46 करोड़ हो गई. यह सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है.
12. अस्पतालों में भर्ती (IPD) मरीज बढ़े : सरकारी अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या वित्त वर्ष 2018-19 में 7.71 लाख थी, जो 2024-25 में बढ़कर 9.17 लाख हो गई.
13. एम्स देवघर में ओपन-हार्ट सर्जरी : वर्ष 2000 में पूरे राज्य के सरकारी क्षेत्र में ओपन-हार्ट सर्जरी जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सुविधा का अभाव था. एम्स देवघर में सितंबर 2021 में ओपीडी और जनवरी 2024 में आईपीडी के बाद 2026 में स्वतंत्र ओपन-हार्ट सर्जरी भी शुरू हो गई है.
14. संताल परगना में आधुनिक ब्लड सेंटर : राज्य गठन के समय अधिकांश जिला अस्पतालों में लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंक नहीं थे और संताल परगना में रक्त घटकों की भारी कमी थी. जून 2026 में एम्स देवघर में आधुनिक ब्लड सेंटर शुरू होने से इस क्षेत्र में सुरक्षित रक्त उपलब्धता बढ़ी है.
15. रिम्स में बीएसएल-3 प्रयोगशाला : शुरुआती वर्षों में गंभीर और दवा प्रतिरोधी टीबी के सैंपल जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता था. नवंबर 2026 में रिम्स, रांची में करीब 2.30 करोड़ रुपये से बीएसएल-3 माइक्रोबायोलॉजी लैब शुरू होने से यह जांच राज्य में ही संभव हो सकी है.
16. सभी 24 जिलों में डायलिसिस सुविधा : वर्ष 2000 में डायलिसिस की सुविधा रांची या जमशेदपुर जैसे गिने-चुने शहरों तक सीमित थी. अब प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में डायलिसिस केंद्र स्थापित हो चुके हैं, जहां 88 मशीनों से 14,701 मरीज लाभ ले चुके हैं.
17. टेलीमेडिसिन और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श का विस्तार : राज्य गठन के दौर में विशेषज्ञ सलाह के लिए शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी. अब ई-संजीवनी से 30 जुलाई 2026 तक 42,71,727 ऑनलाइन परामर्श दर्ज हुए. इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में रांची स्थित केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (CIP) और रिनपास के अलावा जिला अस्पतालों में ‘जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम’ और ‘टेली-मानस’ हेल्पलाइन से परामर्श सुविधा मिल रही है.
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार
18. मातृ मृत्यु अनुपात में 67 प्रतिशत की गिरावट : मातृ मृत्यु अनुपात जो वर्ष 2016 में प्रति एक लाख जीवित जन्म पर 165 था, वह एसआरएस 2021-23 में घटकर 54 रह गया है. यह राष्ट्रीय सतत विकास लक्ष्य (70) से भी बेहतर है.
19. शिशु मृत्यु दर आधी से भी कम हुई : झारखंड गठन के समय (NFHS-2) प्रति हजार जीवित जन्म पर 54.3 रही शिशु मृत्यु दर घटकर 25 पर आ गई है, जबकि नवजात मृत्यु दर 17 दर्ज की गई है—दोनों राष्ट्रीय औसत से बेहतर हैं.
20. संस्थागत प्रसव 13.9% से बढ़कर 85.7% हुआ : राज्य गठन के समय 86 प्रतिशत से अधिक प्रसव घरों में होते थे और अस्पताल में प्रसव का अनुपात महज 13.9 प्रतिशत था. वर्ष 2016 में यह 61.9 प्रतिशत पहुंचा और वर्ष 2024 में बढ़कर 85.7 प्रतिशत हो गया.
21. जननी सुरक्षा व बाल स्वास्थ्य योजनाओं से मदद : झारखंड गठन के समय प्रसव और बच्चों की जन्मजात बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अभाव था. अब जननी सुरक्षा योजना से वित्त वर्ष 2024-25 में 5,50,897 गर्भवती महिलाओं को सहायता मिली, वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) से आंगनबाड़ी व सरकारी स्कूलों के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और गंभीर रोगों का मुफ्त इलाज हो रहा है.
22. पूर्ण टीकाकरण 8.8% से 90% के करीब पहुंचा : वर्ष 2000 के आसपास जहां 90 प्रतिशत से ज्यादा बच्चे संपूर्ण टीकाकरण से वंचित रह जाते थे (पूर्ण टीकाकरण महज 8.8% था), वहीं दिसंबर 2025 तक यह दायरा बढ़कर 89.7 प्रतिशत पहुंच गया है. इसमें बीसीजी का कवरेज 102.6 प्रतिशत और मीजल्स-रूबेला की पहली खुराक 95.1 प्रतिशत रही.

बीमारी की रोकथाम और स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाएं
23. केंद्र और राज्य की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का कवच : राज्य गठन के समय गरीब परिवारों के लिए बड़े अस्पतालों में कैशलेस इलाज की कोई व्यापक सरकारी बीमा व्यवस्था नहीं थी. अब आयुष्मान भारत (पीएमजेएवाई) के तहत 550 सूचीबद्ध अस्पतालों में 19.34 लाख मरीजों को 2,553 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज मिला. साथ ही राज्य की ‘मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना’ (आयुष्मान के 5 लाख के अतिरिक्त 10 लाख मिलाकर कुल 15 लाख रुपये तक कवर) और ‘मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना’ से 21 गंभीर रोगों के इलाज में सहायता मिल रही है.
24. संक्रामक और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम : वर्ष 2000 के दशक की शुरुआत में झारखंड मलेरिया और संताल परगना कालाजार के गंभीर प्रकोप से जूझ रहे थे. कीटनाशक मच्छरदानी के वितरण, सहिया द्वारा रैपिड किट से जांच और समय पर इलाज से मलेरिया से होने वाली मौतों में बड़ी गिरावट आई और कालाजार उन्मूलन स्तर पर पहुंचा. वहीं आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार टाइफाइड के दर्ज मामले 2020-21 के 55,109 से घटकर 2025-26 में 11,421 रह गए (79.3% कमी) और ARI/ILI मामलों में 50.6 प्रतिशत की गिरावट आई. अब जिला एनसीडी क्लीनिकों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ब्लड प्रेशर, डायबिटीज व कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग भी हो रही है.
25. टीबी की पहचान और पोषण सहायता अभियान : पहले टीबी मरीजों की देर से पहचान और बीच में दवा छूटने की बड़ी समस्या थी. अब 100 दिवसीय विशेष टीबी अभियान में 16,754 टीबी मरीजों की पहचान हुई, जिनमें 4,574 बिना लक्षण वाले मरीज थे. साथ ही निक्षय पोषण योजना से मरीजों को वित्तीय सहायता मिल रही है.
26. सिकल सेल एनीमिया की बड़े पैमाने पर जांच : जनजातीय बहुल झारखंड में सिकल सेल एनीमिया की पहचान के लिए पहले गांव स्तर पर जांच की व्यवस्था नहीं थी. अब राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत लगभग 27 लाख लोगों की स्क्रीनिंग हुई है, जिसमें 2023 से 2025 के बीच 3,315 जीन वाहक और 2,099 सक्रिय मरीजों की पहचान कर उन्हें मुफ्त रक्त आधान व उपचार से जोड़ा गया.
उपलब्धियों के साथ आगे का रास्ता
बीते 26 वर्षों में झारखंड ने स्वास्थ्य ढांचे, मेडिकल शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. असुरक्षित घरेलू प्रसव से निकलकर 85.7 प्रतिशत संस्थागत प्रसव तक पहुंचना, पूर्ण टीकाकरण को 9 से 90 प्रतिशत के करीब ले जाना, मातृ मृत्यु दर को राष्ट्रीय लक्ष्य से नीचे लाना और सभी 24 जिलों में डायलिसिस जैसी सुविधाओं का विस्तार इस बदलाव का प्रमाण है.

हालांकि, इस प्रगति के साथ कुछ जमीनी चुनौतियां भी बरकरार हैं. सरकारी व्यवस्था में एमबीबीएस डॉक्टरों के 667, विशेषज्ञों के करीब 45.5 प्रतिशत, ग्रेड-ए नर्सों के लगभग 39 प्रतिशत और एएनएम के ढाई हजार से अधिक पद खाली हैं. संसाधनों का वितरण भी असमान है—सरकारी अस्पतालों के 22 प्रतिशत बेड अकेले रांची में हैं और बड़े निजी अस्पताल भी शहरी क्षेत्रों तक सीमित हैं. वहीं पहाड़ी व सुदूर गांवों में पक्की सड़क और समय पर एंबुलेंस न मिलने से आज भी मरीजों व गर्भवती महिलाओं को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाने की स्थितियां सामने आती हैं, जबकि कई मरीज दूरी व आवागमन की कठिनाइयों के कारण अस्पताल ही नहीं पहुंच पाते.
पोषण व बीमारियों के मोर्चे पर NFHS-5 के अनुसार सुधार के बावजूद राज्य में 39.4 प्रतिशत बच्चे कम वजन के और 65.3 प्रतिशत महिलाएं एनीमिक हैं. एक तरफ पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां व गुमला जैसे जिलों में मलेरिया बना हुआ है, तो दूसरी तरफ डायबिटीज, हृदय रोग व कैंसर तेजी से बढ़ रहे हैं, जबकि जिलों में मनोचिकित्सकों की भारी कमी है. इसके अलावा कुल स्वास्थ्य खर्च का 47.5 प्रतिशत हिस्सा लोगों को जेब से उठाना पड़ता है.
No comments yet. Be the first to comment!