आईपीएल में जब भी आखिरी ओवरों में किसी बड़े लक्ष्य का पीछा करने की बात होगी, महेंद्र सिंह धोनी का नाम जरूर याद आएगा. उनका हेलिकॉप्टर शॉट, आखिरी गेंद तक मैच पलटने का अंदाज और मैदान पर उनका शांत स्वभाव अब IPL में खिलाड़ी के रूप में देखने को नहीं मिलेगा.
क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर है कि ‘थाला’ ने IPL से बतौर खिलाड़ी संन्यास ले लिया है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को आधिकारिक घोषणा की कि धोनी IPL 2027 से टीम के Team Mentor की जिम्मेदारी संभालेंगे. यानी अब माही बल्ले और विकेटकीपिंग ग्लव्स के बजाय अपने अनुभव और रणनीति से टीम की बाजी संभालेंगे.
साल 2008 में शुरू हुआ सफर, CSK को पांच बार बनाया चैंपियन
महेंद्र सिंह धोनी IPL के पहले सीजन 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं. टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने CSK को पांच बार IPL का खिताब दिलाया. उनकी कप्तानी में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी जीती. इसके अलावा टीम ने दो बार चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब भी अपने नाम किया.
धोनी की कप्तानी में CSK सिर्फ एक क्रिकेट टीम नहीं, बल्कि IPL की सबसे मजबूत और लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में शामिल हुई. मैदान पर उनके फैसले, खिलाड़ियों को भरोसा देने का अंदाज और दबाव में शांत रहने की क्षमता उनकी सबसे बड़ी पहचान रही.
CSK ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर धोनी की नई भूमिका का ऐलान करते हुए लिखा कि वह टीम के Team Mentor होंगे. फ्रेंचाइजी ने अपने संदेश में धोनी को ऐसा खिलाड़ी बताया, जो जिंदगी में एक बार मिलता है. साथ ही कहा कि जीत, मुश्किल दौर और तमाम यादों के बीच धोनी शुरू से ही टीम की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं.
OFFICIAL ANNOUNCEMENT 🦁💛
A once-in-a-lifetime player.
A new role. A bond that lasts forever 💛
Mahendra Singh Dhoni takes charge as the Team Mentor of Chennai Super Kings!
Through countless victories, challenging times, and memories that will stay in our hearts forever, MS has been at the heart of our journey from the very beginning.
From leading us to glory to guiding the next generation of Super Kings, Thala will always be a part of our identity. And Chennai will always be his home.
Read more : https://t.co/YKsoHYE51A
#WhistlePodu
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के साथ करीब दो दशक के रिश्ते को याद किया. उन्होंने कहा कि 2008 में धोनी को टीम से जोड़ने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था. उन्होंने यह भी कहा कि धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर रहेगा.
फ्रेंचाइजी के मुताबिक, टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं. ऐसे में धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा.
IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेले धोनी
धोनी ने IPL 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेला था. पिंडली की चोट के कारण वह पूरे सीजन मैदान से बाहर रहे. उनका आखिरी IPL मुकाबला 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ था.
इससे पहले भी धोनी धीरे-धीरे कप्तानी की जिम्मेदारी से पीछे हटते रहे. IPL 2022 में उन्होंने रविंद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी थी, लेकिन सीजन के बीच में दोबारा कमान संभाल ली. इसके बाद IPL 2024 से पहले ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी थी. 2025 में गायकवाड़ के चोटिल होने पर धोनी ने फिर टीम की कप्तानी की थी.
272 मैच, 5,314 रन और पांच खिताब
धोनी का IPL करियर आंकड़ों के लिहाज से भी शानदार रहा है. उन्होंने 272 मुकाबलों में 5,314 रन बनाए. वह CSK के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
उनके नाम पांच IPL खिताब और दो चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफी हैं. अब खिलाड़ी के रूप में उनका IPL सफर खत्म हो गया है. लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा.
जिस धोनी ने मैदान पर अपनी कप्तानी से कई बार CSK को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला, अब वही धोनी डगआउट से टीम को दिशा देंगे. फैंस के लिए बस इतना बदलाव होगा कि अगली बार माही को मैदान पर हेलिकॉप्टर शॉट लगाते नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देते देखना होगा.
Also Read : झारखंड : चक्रवात ‘अकवन’ के कारण 20-21 नवंबर को हो सकती है बारिश, बढ़ेगी ठिठुरन



