रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ का असर राज्य में भी देखने को मिलेगा. 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश के आसार हैं. इसके साथ ही तापमान में गिरावट होगी और ठंड का एहसास बढ़ेगा. यानी अगले कुछ दिनों में मौसम का पूरा मूड बदलने वाला है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ मंगलवार सुबह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था. इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच टकरा सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
झारखंड के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर से झारखंड में मौसम बदलना शुरू होगा. पहले दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है.
राज्य के कई हिस्सों में 20 नवंबर को बारिश की संभावना है. दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 21 नवंबर को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लातेहार और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है.
वहीं, 22 और 23 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है.
तापमान गिरेगा, ठंड की एंट्री होगी और तेज
मौसम का बदलाव सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहेगा. अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. वहीं, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की गिरावट का अनुमान है. इससे सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ सकता है.
राजधानी रांची में 20 और 21 नवंबर को दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क है. पिछले 24 घंटे में कोडरमा में सबसे अधिक 33.5 डिग्री और लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
Also Read : सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग के यौन शोषण और बाल श्रम का आरोप, जनाधिकार महासभा ने की कार्रवाई की मांग



