नई दिल्ली. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोनिया गांधी को पुस्तक के लोकार्पण पर बधाई और शुभकामनाएं दीं.
सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, भारत के साथ उनके जुड़ाव, पारिवारिक रिश्तों और सार्वजनिक जीवन की यात्रा पर आधारित है. पुस्तक में इटली में बिताए बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, विवाह के बाद भारत आने और गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के अनुभवों को दर्ज किया गया है.

शहरों में नहीं, गांवों में महसूस हुआ अपनापन
पुस्तक के लोकार्पण समारोह में सोनिया गांधी ने ‘Belonging’ शीर्षक के पीछे की भावना भी साझा की. उन्होंने बताया कि भारत में अपनेपन और स्वीकार किए जाने का एहसास उन्हें सबसे पहले राजीव गांधी के संसदीय क्षेत्र के लोगों के बीच हुआ. खासकर गांवों में लोगों ने जिस तरह उन्हें अपनाया, उससे उनके भीतर भारत के साथ जुड़ाव की भावना मजबूत हुई. उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत को भी अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण बताया. यह वह समय था, जब उन्हें लगा कि भारत ने उन्हें पूरी तरह स्वीकार कर लिया है.

इंदिरा गांधी से डरती थीं सोनिया
समारोह में सोनिया गांधी ने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ रिश्तों से जुड़े कई निजी प्रसंग भी साझा किए. उन्होंने बताया कि राजीव गांधी से शादी के बाद जब वह गांधी परिवार में आईं, तब इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व से प्रभावित होने के साथ-साथ उनके गुस्से से डरती भी थीं. शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आता था कि इंदिरा गांधी को ‘मां’ या ‘मम्मी’ कहकर कैसे संबोधित करें. राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद दोनों के रिश्ते में नजदीकी आई और वह उनसे निजी बातें भी साझा करने लगीं.
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने यह पुस्तक इसलिए लिखी, क्योंकि उनके परिवार और निजी जीवन को लेकर सार्वजनिक रूप से कई ऐसी बातें कही जाती रही हैं, जो उनकी नजर में वास्तविकता से अलग हैं. वह चाहती थीं कि लोग उनके परिवार और जीवन को उनकी अपनी नजर से भी समझें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुस्तक राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रेम, रिश्तों, बिछड़ने, संघर्ष और भारत में अपनेपन की तलाश की व्यक्तिगत कहानी है.
Also Read : झारखंड : रांची में सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग’ पर हुआ विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम



