चाईबासा: आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक की. बैठक में निर्णय लिया गया कि 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले और पढ़ाई में अत्यंत कमजोर विद्यार्थियों के लिए 14 नवंबर को जिले में विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में निर्धारित मानदंडों के अनुरूप सफल होने वाले विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा का आवेदन फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा.
उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित जिले के सभी उच्च विद्यालयों एवं इंटर महाविद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. बैठक में बोर्ड परीक्षा के आवेदन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक तैयारी और प्रोजेक्ट परख के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई.
बैठक में बताया गया कि आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी. झारखंड अधिविद्य परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुसार बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है. इससे कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं मिलेगी.
विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष परीक्षा का अवसर देने का निर्णय लिया है. इसके तहत 14 नवंबर को मैट्रिक और इंटरमीडिएट के चिह्नित कमजोर विद्यार्थियों की परीक्षा होगी. कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के कमजोर विद्यार्थियों की परीक्षा भी इसी दिन आयोजित की जाएगी. वहीं, कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों की विशेष परीक्षा छठ पर्व के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी.
तीनों अनुमंडलों में बनेंगे परीक्षा केंद्र
विशेष परीक्षा के लिए सदर चाईबासा, चक्रधरपुर और जगन्नाथपुर अनुमंडल में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा. उपायुक्त ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया कि चिह्नित विद्यार्थियों की कक्षा और विषयवार सूची 12 नवंबर तक जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराएं. परीक्षा के पाठ्यक्रम, विषयवार प्रश्न, निर्धारित अंक और अन्य तैयारियों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में बाल दिवस और झारखंड स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर भी निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने 14 नवंबर को सभी विद्यालयों में बाल दिवस मनाने को कहा. साथ ही, इस महीने 20 नवंबर के बजाय 14 नवंबर को तिथि भोज एवं सह-जन्मोत्सव आयोजित करने का निर्देश दिया. वहीं, 15 नवंबर से विद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने और झारखंड स्थापना दिवस पर निर्धारित कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने को कहा गया.
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है. प्रोजेक्ट परख के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी अवसर से वंचित न रहे. उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी में तेजी लाने तथा निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.
Also Read : JAC ने लगातार दूसरे साल बढ़ाया मैट्रिक और इंटर परीक्षा शुल्क, 2 साल में 40% का हुआ इजाफा


