जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 में होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं के शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है. नई दरों के लागू होने के बाद अब परीक्षार्थियों को पिछले साल के मुकाबले 120 रुपये अधिक शुल्क चुकाना होगा. गौरतलब है कि जैक ने लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क में इजाफा किया है. पिछले दो वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो विद्यार्थियों पर परीक्षा का आर्थिक बोझ करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ चुका है.
जैक द्वारा जारी की गई नई शुल्क सूची के मुताबिक, वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित (रेगुलर) और आरक्षित श्रेणी के छात्र-छात्राओं को बिना विलंब शुल्क के 1,100 रुपये जमा करने होंगे. वहीं, सामान्य वर्ग (जनरल) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के परीक्षार्थियों के लिए यह राशि 1,300 रुपये तय की गई है. इसके अलावा, निजी (प्राइवेट) श्रेणी से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को भी 1,300 रुपये ही चुकाने होंगे.
इंटरमीडिएट के छात्रों की जेब पर भी असर
मैट्रिक की तर्ज पर ही इंटरमीडिएट परीक्षा के शुल्क में भी 120 रुपये की वृद्धि की गई है. नए नियम के तहत नियमित और आरक्षित श्रेणी (ओबीसी, एससी और एसटी) के विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क के रूप में 1,220 रुपये देने होंगे. जबकि सामान्य, ईडब्ल्यूएस और निजी (प्राइवेट) श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए 1,520 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.
पिछले दो वर्षों में हुई इस शुल्क वृद्धि के आंकड़ों पर नजर डालें तो मैट्रिक के नियमित और आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों का शुल्क वर्ष 2025 में 740 रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 980 रुपये और अब वर्ष 2027 में 1,100 रुपये हो गया है. इसी तरह, मैट्रिक के सामान्य, ईडब्ल्यूएस (EWS) और निजी श्रेणी के छात्रों की फीस 2025 के 940 रुपये से बढ़कर 2026 में 1,180 रुपये और अब 1,300 रुपये तक पहुंच गई है.
इंटरमीडिएट परीक्षा की बात करें तो नियमित और आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को 2025 में 910 रुपये देने होते थे, जिसे 2026 में बढ़ाकर 1,100 रुपये और अब 2027 के लिए 1,220 रुपये कर दिया गया है. वहीं, इंटर के सामान्य, ईडब्ल्यूएस और निजी श्रेणी के परीक्षार्थियों का शुल्क भी 2025 में 1,210 रुपये था, जो 2026 में 1,400 रुपये और अब 2027 में बढ़कर 1,520 रुपये हो गया है.


