रांची: झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के मुख्यालय परिसर, टेंडरग्राम, रांची में बुधवार को पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया. इस अवसर पर देश और राज्य की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धांजलि दी गई.
कार्यक्रम में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे और पुलिस उपमहानिरीक्षक इंद्रजीत महथा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया. इस दौरान शहीद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के नामों का पाठ किया गया तथा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया. शहीदों के सम्मान में गारद ने शस्त्र झुकाकर सलामी दी. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई.
बलिदान हमेशा याद किया जाएगा
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड जगुआर के वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. राज्य की शांति, सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, वह हमेशा याद किया जाएगा. उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा.

Also Read : झारखंड : पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 154 शहीदों में राज्य के तीन पुलिसकर्मी


