बोकारो/रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को बोकारो जिले में निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने सड़क के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और क्षेत्र में आवागमन की स्थिति को समझा. वापसी के क्रम में उन्होंने सेवाती घाटी का भी निरीक्षण किया.
इसके बाद कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय दुकान में मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने गरमा-गरम चाय और पकौड़ी का स्वाद लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की स्थिति तथा जनसुविधाओं के बारे में जानकारी ली.
सड़क निर्माण पूरा होने से आवागमन होगा आसान
कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है. इसके निर्माण से आसपास के गांवों और क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी. साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति के साथ-साथ स्थानीय आवागमन की परिस्थितियों का भी जायजा लिया.

कसमार-बरलंगा मुख्य सड़क का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वापसी के क्रम में सेवाती घाटी का जायजा लिया. उन्होंने घाटी की भौगोलिक स्थिति और वहां के सड़क मार्ग का अवलोकन किया.

स्थानीय दुकान में चाय-पकौड़ी का लिया स्वाद
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कसमार के तीनकोनिया चौक स्थित एक स्थानीय दुकान पहुंचे. यहां उन्होंने विधायक कल्पना सोरेन के साथ बैठकर गरमा-गरम चाय और पकौड़ी खाई. मुख्यमंत्री का इस तरह स्थानीय दुकान पर पहुंचना वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा.
तीनकोनिया चौक पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने क्षेत्र की स्थिति, स्थानीय जनजीवन और जनसुविधाओं के बारे में जानकारी ली. इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्थानीय लोगों से बातचीत की. मुख्यमंत्री और विधायक को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया. लोगों ने उनसे मुलाकात कर प्रसन्नता व्यक्त की.


