मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. रविवार, 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी. मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है.
गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान फूल सिंह, ऋतिक कुमार और रेहान के रूप में हुई है. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है, ताकि फायरिंग के पीछे की वजह और घटना की साजिश का पता लगाया जा सके.
जुहू इलाके में हुई थी फायरिंग
रविवार शाम जुहू स्थित पुष्पा नरसी पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभिनेता को गोली लगने की सूचना नहीं है. घटना में उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर सामने आई थी.

बाइक छोड़कर ट्रेन से भागे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद हमलावरों ने अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास मोटरसाइकिल छोड़ दी और ट्रेन से फरार हो गए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश शुरू की. इसके बाद तीनों संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया.
इस मामले में जुहू पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था. अब क्राइम ब्रांच आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग के पीछे किसका हाथ था और क्या इस वारदात का किसी संगठित गिरोह से संबंध है.
Also Read : मध्यप्रदेश : शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 12 की मौत, 39 अस्पताल में भर्ती


