रांची: छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर झारखंड में सियासत फिर गरमा गई है. भाजपा की ओर से राज्य सरकार को दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म हो गया है, लेकिन पार्टी का दावा है कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. अब भाजपा ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है. पार्टी 8 सितंबर से 11 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग जिलों में DC और SP कार्यालयों का घेराव करेगी.
2 सितंबर को दिया था 48 घंटे का अल्टीमेटम
दरअसल, 2 सितंबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात की थी. प्रतिनिधिमंडल ने JPSC-JSSC की कथित परीक्षा धांधली की CBI जांच और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की थी. इसी दौरान भाजपा ने सरकार को 48 घंटे का समय दिया था.
भाजपा का कहना है कि समयसीमा पूरी हो गई, लेकिन छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए. इसके बाद पार्टी ने आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाने का फैसला किया है.
8 सितंबर से जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
अब भाजपा ने चार दिनों के आंदोलन का कार्यक्रम जारी किया है. पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों में DC और SP कार्यालयों का घेराव करेंगे.
8 सितंबर: रांची, दुमका, गिरिडीह और गढ़वा.
9 सितंबर: कोडरमा, साहिबगंज, पलामू और चाईबासा.
10 सितंबर: सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा.
11 सितंबर: जामताड़ा और खूंटी.
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
भाजपा ने साफ कर दिया है कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. आदित्य साहू ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनके भविष्य के मुद्दे को लेकर सड़क पर संघर्ष करेगी.
Also Read : स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ चिराग पासवान ने कराई FIR, बोले- मैं उसे नहीं जानता

