रांची। आईजी जैप सुनील भास्कर ने गुरुवार को जैप – 10 बटालियन मुख्यालय का निरीक्षण किया. बटालियन की सुरक्षा व्यवस्था, संसाधनों और जवानों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान समादेष्टा की मौजूदगी में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई और जरूरी सुधार के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए.
वहीं, पुराने और अनुपयोगी वाहनों को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर नए वाहनों के आवंटन के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया. इसके साथ ही समादेष्टा और सभी वरीय पुलिस उपाधीक्षकों को विभिन्न कंपनियों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया, ताकि वहां की सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की आवश्यकताओं का जायजा लिया जा सके.
सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश
आईजी जैप ने जीपी शाखा को निर्देश दिया कि विभिन्न कंपनियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा उपकरण और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाए. वहीं, रैप की कंपनी में सुरक्षा उपकरणों के आवंटन को लेकर संबंधित स्तर पर पत्राचार करने का भी निर्देश दिया गया.
इस दौरान पुलिस सभा का आयोजन भी किया गया. इसमें जवानों और पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. पुलिस सभा में MACP, पेंशन, महिला बैंड के लिए म्यूजिक रूम और महिला बैंड में नए सदस्यों के प्रशिक्षण समेत कई मुद्दों पर विस्तार से विमर्श हुआ.
निरीक्षण के दौरान आईजी सुनील भास्कर ने अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जवानों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और बटालियन में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कल्याण से जुड़े विषयों पर भी विशेष जोर दिया गया.
Also Read : चतरा में नाबालिग से मजदूरी और मारपीट का आरोप, महिला थाना प्रभारी और पति सस्पेंड


