Khunti : खूंटी पुलिस सात गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी राजेंद्र साहू उर्फ राजेंद्र साव उर्फ मास्टर को पुलिस ने उसके गांव गम्हरिया से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां भी बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ खूंटी जिले के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं.
एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया को बताया कि बीते 11 जुलाई को सूचना मिली थी कि मोस्ट वांटेड आरोपी राजेंद्र साहू उर्फ मास्टर अपने गांव गम्हरिया में मौजूद है. सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
टीम ने बिना देर किए गम्हरिया गांव में छापेमारी की और आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हथियार छिपाने की जानकारी दी. इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद कर लीं. बरामद हथियार और गोलियां को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
सात आपराधिक मामलों में पहले से दर्ज है नाम
गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र साहू उर्फ राजेंद्र साव उर्फ मास्टर की उम्र 42 वर्ष है. वह मुरहू थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव का रहने वाला है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ तोरपा, कर्रा, खूंटी और मुरहू थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामले शामिल हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार, एसआई मनीष कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Also Read : ‘100 करोड़ भी दोगे तो नहीं टूटेगा एक भी विधायक’… उमर अब्दुल्ला की दिल्ली को खुली चेतावनी

