Ranchi : झारखंड कांग्रेस के भीतर एक बड़ा राजनीतिक घमासान मच गया है। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने एक कड़ा फैसला लेते हुए झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव को उनके पद से हटा दिया है। कुमार गौरव के पद को फिलहाल ‘होल्ड’ पर रख दिया गया है। अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है।
सर्किट हाउस में आधी रात को क्या हुआ?
यह कार्रवाई झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आयुष अग्रवाल की एक शिकायत के बाद हुआ। आयुष ने आरोप लगाया कि सर्किट हाउस में रात के करीब 1:30 बजे एक बेहद शर्मनाक घटना घटी। उनके मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव शराब के नशे में वहां पहुंचे थे। उस वक्त वहां करीब 15 से 20 लोग मौजूद थे। कुमार गौरव ने सबके सामने आयुष अग्रवाल के साथ बदतमीजी की और उन्हें मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दीं। आयुष अग्रवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि कुमार गौरव का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उन्होंने वहां मौजूद संगठन की महिला प्रदेश प्रभारी नवनीत मैडम, सह-प्रभारी मुरारी और फहद के साथ भी बेहद खराब व्यवहार किया। जिन लोगों के साथ यह बदतमीजी हुई, उनमें दो राष्ट्रीय सचिव और दो प्रदेश महासचिव शामिल हैं। आयुष ने अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी भी पदाधिकारी को सार्वजनिक रूप से गाली देना न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि यह पूरी पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस दौरान महिला पदाधिकारियों के सम्मान और मर्यादा की सीमाओं को भी पार किया गया, जो कि पूरी तरह से निंदनीय है।
इस घटना के बाद आयुष अग्रवाल ने संगठन के बाकी साथियों से भी अपील की है कि वे खुलकर सामने आएं और बताएं कि वे इस तरह के व्यवहार के साथ हैं या फिर निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़े हैं। फिलहाल, दिल्ली दरबार ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कुमार गौरव पर एक्शन ले लिया है।
Also Read : बेटी RSS की करीबी, पिता और भाई ED के घेरे में… रामेश्वर उरांव परिवार क्यों चर्चा में?

