Ranchi : रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में गुरुवार को आयोजित पारण परेड समारोह-2026 में 4 डीएसपी और 336 आरक्षी औपचारिक रूप से झारखंड पुलिस बल का हिस्सा बने. इनमें 255 पुरुष और 81 महिला आरक्षी शामिल हैं. सीएम हेमंत सोरेन ने परेड का निरीक्षण किया, शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया और प्रशिक्षण के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया. पारन परेड में बारिश के बावजूद जवानों का उत्साह देखने लायक था. प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट और आकर्षक कदमताल के जरिए अपने प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रदर्शन किया. इसके बाद सभी नवनियुक्त जवानों ने देश और राज्य की सेवा, संविधान की रक्षा, पुलिस बल की गरिमा बनाए रखने तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की शपथ ली.
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सभी जवान लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे और करीब 30 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद आज उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है. उन्होंने कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी होना खुशी की बात है. राज्य सरकार चाहती है कि हर क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी हो.
कानून व्यवस्था में दिखना चाहिए प्रशिक्षण का असर
सीएम ने नवनियुक्त जवानों से कहा कि अब वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य के करोड़ों लोगों की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं. पुलिस की वर्दी केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और जिम्मेदारी का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कई बार कर्तव्य निभाने के दौरान बड़ी चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति में जनता की रक्षा के लिए तैयार रहना पड़ता है. हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों का असर अब राज्य की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में दिखाई देना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. इसी दिशा में पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय और पुलिस बल के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.
समारोह में झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी प्रिया दुबे समेत पुलिस विभाग के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम ने सभी नव नियुक्त डीएसपी और आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की बात कही।
Also Read : झारखंड : “…कितनी आहों से कलेजा तेरा ठंडा होगा”, इमरान प्रतापगढ़ी ने और क्या कहा?

