Ranchi : राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के महज 18 घंटे के भीतर रांची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मंगलवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय परिसर में दो युवकों ने पेट्रोल बम जैसी ज्वलनशील वस्तु फेंकी थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। हमले के तुरंत बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।
SSP के निर्देश पर बनी थी SIT
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के SSP राकेश रंजन के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान की गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने पहले घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की और फिर दोनों आरोपियों को रांची छोड़कर भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल से मिले कांच की बोतलों के टुकड़े
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कांच की दो टूटी बोतलों के टुकड़े और धागा बरामद किया गया है। हालांकि जांच एजेंसियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस्तेमाल की गई वस्तु पूरी तरह पेट्रोल बम थी या कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री। SSP राकेश रंजन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ते ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
रांची सिटी के डीएसपी के.वी. रमन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने वाले दो लोग थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने किसी निजी टैक्सी या अन्य वाहन का इस्तेमाल किया था या नहीं।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं
घटना के बाद राजनीतिक दलों की ओर से भी प्रतिक्रियाएं आई हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इसे गंभीर सुरक्षा चुनौती बताते हुए RSS कार्यालय के पास स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने घटना के समय और इसके संभावित कारणों की भी जांच की मांग की है।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे केवल दो आरोपी थे या किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका भी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
Also Read : झारखंड प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का एक साथ तबादला… देखें लिस्ट

