Ranchi : रांची पुलिस ने जिले के व्यवसायियों, दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को विदेशी नंबरों से आने वाले व्हाट्सएप कॉल और संदेशों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। हाल के दिनों में रातू और नगड़ी थाना क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न इलाकों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें अज्ञात विदेशी नंबरों से कॉल कर खुद को किसी आपराधिक गिरोह, गैंग या उग्रवादी संगठन का सदस्य बताकर लेवी और रंगदारी की मांग की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अपराधी लोगों में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली का प्रयास कर रहे हैं। इसे देखते हुए रांची पुलिस ने जनहित में परामर्श जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
विदेशी नंबरों से आने वाले कॉल पर रखें नजर
पुलिस ने बताया कि भारत के मोबाइल नंबर सामान्यतः +91 कोड से शुरू होते हैं। यदि +91 के अलावा किसी अन्य देश के कोड जैसे +1, +44, +82, +264 आदि से व्हाट्सएप कॉल या संदेश प्राप्त होता है और उसमें धन की मांग, धमकी या दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, तो उसे संदिग्ध माना जाए।
अज्ञात कॉल न उठाएं, तुरंत करें ब्लॉक
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात विदेशी नंबर से आने वाली व्हाट्सएप कॉल रिसीव न करें। ऐसे नंबरों को तुरंत ब्लॉक कर दें और उसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को दें।
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें शिकायत
यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का कॉल, मैसेज या धमकी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने को कहा गया है। इसके अलावा संचार साथी के चक्षु पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सबूत सुरक्षित रखने की सलाह
पुलिस ने कहा है कि संदिग्ध कॉल, चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रखें तथा उन्हें डिलीट न करें। इससे जांच एजेंसियों को मामले की जांच में मदद मिलेगी।
किसी भी हाल में पैसे न भेजें
एडवाइजरी में स्पष्ट कहा गया है कि धमकी या दबाव में आकर किसी भी प्रकार की धनराशि का भुगतान न करें। साथ ही अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या व्यावसायिक जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
तत्काल पुलिस को दें सूचना
रांची पुलिस ने कहा है कि रंगदारी, लेवी या किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत निकटतम थाना या पुलिस स्टेशन को सूचना दें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
डीएसपी ने की सतर्क रहने की अपील
डीएसपी (मुख्यालय-2) अजय आर्यन ने आमजन और व्यवसायियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से ही साइबर ठगी और रंगदारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
Also Read : लातेहार में पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का आगाज, डीआईजी बोले- तकनीकी रूप से दक्ष बनाना जरूरी

