Chatra : चतरा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.567 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के सिरकोल इलाके में की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये कीमत की अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आर-15 मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष मुंडा के रूप में हुई है, जो पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के बड़कीटांड खैरा गांव का रहने वाला है।
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया तस्कर
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अफीम की खेप लेकर पत्थलगड्डा से गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया और सिरकोल इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक युवक बाइक से आता दिखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 2.567 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपी के पास से आर-15 बाइक भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब, पत्थलगड्डा थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार, प्रदीप कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Also Read : गोल्ड जीतकर शिक्षा ने दिखाया दम, मंत्री दीपिका ने कहा- मेहनत का मिला इनाम

