Jamshedpur : राजधानी, कोयलांचल के बाद अब लौह नगरी जमशेदपुर में भी अपराधी का एनकाउंटर करने से पुलिस पीछे नहीं है। मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है। मंगलवार अहले सुबह छिनतई गिरोह का सरगना जसप्रीत उर्फ गबरू का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी है। घटना उस वक्त घटी जब गिरफ्तार गबरू पुलिस को सामान बरामद करवाने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की पिस्टल छीनकर पुलिस पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया।
चेन स्नैचिंग के बाद धराया था गबरू
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे दो अपराधियों को पकड़ लिया था। पूछताछ के दौरान जसप्रीत उर्फ गबरू ने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और छीने गए गहने उसने कचरा डिपो के पास छिपाकर रखे हैं। गबरू की निशानदेही पर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस टीम उसे लेकर कचरा डिपो पहुंची। यहां पुलिस ने बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और कुछ अन्य सामान बरामद भी कर लिया। इसी दौरान अचानक गबरू ने मौके पर मौजूद एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीन ली।

पुलिस पर बरसाने लगा गोलियां
पिस्टल हाथ में आते ही गबरू ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक गोली गबरू के बाएं पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने घायल अपराधी को कब्जे में लेकर तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, एएसपी समेत टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइन्स, बिष्टुपुर, बिरसानगर और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल खोखा भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पुलिस की पिस्टल कैसे छीनी और सुरक्षा में कहां चूक हुई। साथ ही छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : हाथ में स्लाइन, स्कूटी पर गर्भवती… एंबुलेंस नहीं मिली तो जान जोखिम में डाल ले गए परिजन

