Palamu : पलामू के पांडू थाना क्षेत्र में 15 दिनों से लापता एक महिला का कंकाल जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान भटवलिया गांव निवासी सुनीता देवी के रूप में की गई है। वह 29 मई को लकड़ी चुनने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
जानकारी के अनुसार सुनीता देवी अक्सर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोहबंधा माहूर इलाके के जंगलों में लकड़ी चुनने जाया करती थी। 29 मई को भी वह रोज की तरह जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार को मामला उस समय सामने आया जब कुछ ग्रामीण पांडू और हुसैनाबाद थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित जंगल में मवेशी चराने गए थे। जंगल से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को शक हुआ। जब ग्रामीण दुर्गंध की दिशा में आगे बढ़े तो वहां एक महिला का शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक कंकाल में तब्दील हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पांडू थाना पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था, लेकिन परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान सुनीता देवी के रूप में की।
बिश्रामपुर के एसडीपीओ चिरंजीवी कुमार ने बताया कि परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान की है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
Also Read : बंद शौचालय के चेंबर में मिला दुर्लभ साही, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

