Ranchi : दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड पहुंचने में अभी 72 से 84 घंटे का समय बाकी है, लेकिन उससे पहले ही मौसम ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया हैI गुरुवार को दोपहर बाद राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में अचानक मौसम बदल गयाI आसमान में काले बादल छा गए और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुईI तेज हवा और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई जगह परेशानी भी बढ़ा दीI राजधानी रांची में करीब 41 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गईI तेज बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ाI वहीं, तेज हवा के कारण शहर में करीब आधा दर्जन पेड़ भी गिर गएI कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहीI उधर, पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में 11 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 10 मिमी बारिश दर्ज की गईI
आज 18 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार (12 जून) को भी राज्य के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की हैI रांची समेत रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैI इन जिलों में गरज के साथ मध्यम बारिश और वज्रपात की भी संभावना जताई गई हैI इसे देखते हुए मौसम विभाग ने सभी 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया हैI
इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना हैI ऐसे में लोगों को बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई हैI
इन छह जिलों में येलो अलर्ट जैसी स्थिति
वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा और चतरा में भी मौसम खराब रह सकता हैI यहां तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई गई हैI इन जिलों के लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई हैI मौसम विभाग के अनुसार शनिवार (13 जून) को भी मौसम राहत देने वाला नहीं हैI रांची, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंधी, वज्रपात और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया हैI राज्य के बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगाI मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 72 से 84 घंटे के भीतर संताल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश कर सकता हैI मानसून के दस्तक देने के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना हैI फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियों की वजह से अगले दो-तीन दिनों तक तेज आंधी, वज्रपात और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैंI
Also Read : पेट्रोल-डीजल पर सरकार का बड़ा एक्शन, बड़े ग्राहकों की पंपों से खरीद पर 90 दिन तक रोक

