Deoghar : देवघर जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सोमवार को जसीडीह थाना क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। डीएसपी कुलदीप कुमार के अनुसार एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर एसडीपीओ देवघर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने जसीडीह बस स्टैंड के पास छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को देखकर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से करीब 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान छोटू मंडल के रूप में हुई, जो बिहार के भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, वह भागलपुर से देवघर ब्राउन शुगर बेचने के मकसद से आया था। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। डीएसपी कुलदीप कुमार ने बताया कि पूरे रैकेट का खुलासा करने और इसमें शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों का सेवन, तस्करी या खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Also Read : गिरिडीह में घर के पास मिलेगा राजस्व सेवाओं का लाभ, 129 पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर


