Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को बाजार में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर 20 से 25 लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ शनिवार रात जेम्को बाजार में नाश्ता करने गया था। इसी दौरान अचानक 20 से 25 लोग वहां पहुंच गए और उस पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर आए थे और उन्होंने कृष्णा को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
लोगों ने बचाई जान, भीड़ देखकर भागे आरोपी
हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह कृष्णा को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया गया। इधर, भीड़ जुटती देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी है। उनका कहना है कि कृष्णा का कुछ पड़ोसियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण पड़ोस के एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
चार महीने पहले जेल से आया था बाहर
परिजनों के अनुसार कृष्णा एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब चार महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। जेल से निकलने के बाद वह गांव में रह रहा था। कोर्ट में पेशी की तारीख होने के कारण वह शुक्रवार को जमशेदपुर आया था। इसी दौरान शनिवार रात उस पर हमला हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : 1000 रुपये पहुंचा गैस सिलेंडर, रसोई चलाना हुआ और महंगा


