Chatra : जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंदा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक व्यक्ति के घर से 2.132 किलोग्राम अफीम बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के सिकिदाग गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अंचलाधिकारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 2.132 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिकिदाग गांव निवासी 35 वर्षीय रविंद्र रविदास उर्फ रविंदर रविदास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पिता का नाम सुरेश मोची है। बरामद अफीम को जब्त कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अफीम कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। इस कार्रवाई में कुंदा के अंचलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी श्रीकांत पाण्डेय और कुंदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Also Read : बरकाकाना-टाटानगर रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, रंगामाटी हॉल्ट स्टेशन को मिली मंजूरी


