Gumla : जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। माड़ापानी गांव के पास ईंट लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ईंट लेकर कुरूमगढ़ स्थित पैदल अस्पताल गया था। वहां ईंट उठाने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर पर कई लोग भी सवार थे। रास्ते में माड़ापानी गांव के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गई, जिसके बाद हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही मवेशी ट्रैक्टर के सामने आई, चालक ने उसे बचाने के लिए वाहन को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की। चालक की मवेशी को बचाने की थी, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और बड़ा हादसा हो गया।


