Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा शहर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर एक डंपर तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप में घुस रहा था। उसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप की ओर मुड़े। बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक स्कूटी समेत डंपर के नीचे आ गए। हादसा इतना भयानक था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ वसीम रजा मौके पर पहुंचे और लोगों से बात की।
तीलाबाद के युवक की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक मृत युवक की पहचान रोनित राय के रूप में हुई है, जो जामताड़ा शहर के तीलाबाद इलाके का रहने वाला था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। दो अन्य घायल युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को पहले जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
टाइगर मोबाइल जवानों ने दिखाई तत्परता
घटना के वक्त मौके पर टाइगर मोबाइल के जवान मौजूद थे। उन्होंने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही थाना से भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और हालात को संभालने की कोशिश शुरू कर दी गई।युवक की मौत से नाराज लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग दोषी चालक पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और स्थिति को शांत कराने में जुटे रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read : जामताड़ा में बड़ा हादसा टला, हाईवे पर पलटी कार, एयरबैग ने बचाई 7 लोगों की जान


