Hazaribagh : चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास रविवार सुबह करीब छह बजे हुए भीषण सड़क हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर में सवार दो लोगों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर संख्या बीआर 52 जी 7513 बिहार शरीफ से ईंट लोड कर रांची की ओर जा रहा था। सुबह के वक्त जब वाहन चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर सीधे सड़क किनारे खड़े वाहनों में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर जोरदार आवाज हुई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। हादसे में कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
चाय पीने रुका था ट्रक चालक, तभी हुआ हादसा
दुर्घटना की चपेट में आया ट्रक संख्या यूपी 83 बीटी 4773 प्लास्टिक दाना लेकर पानीपत से विशाखापत्तनम जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक चाय पीने के लिए प्रकाश होटल के पास वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े दो अन्य वाहन भी ट्रेलर की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में ट्रेलर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। वहीं घटना के बाद कुछ देर तक एनएच पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता सामान्य कराया।


