Ranchi : झारखंड के लिए गर्व और खुशी का बड़ा क्षण सामने आया है। नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रैंकिंग स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता के पहले ही दिन झारखंड के होनहार खिलाड़ी रुद्रंश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। रुद्रंश की इस उपलब्धि से पूरे राज्य में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 22 जून से 25 जून तक नोएडा में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली स्केटर्स हिस्सा ले रहे हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रुद्रंश शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि झारखंड के खिलाड़ी अब स्केटिंग जैसे खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
रुद्रंश की इस ऐतिहासिक सफलता पर रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खुशी जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह, सचिव सुमित शर्मा और कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने रुद्रंश शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ रुद्रंश की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और अब राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में झारखंड के खिलाड़ी देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
रुद्रंश शर्मा की इस सफलता से राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी रुद्रंश को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन ने पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।
Also Read : हजारीबाग में बिजली व्यवस्था चरमराई, विधायकों ने विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी


