Ranchi : झारखंड में अवैध अफीम की खेती को नष्ट करने के लिए चलाए गए अभियान और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए की गई कार्रवाई की समीक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश जारी किया है। यह समीक्षा बैठक DGP तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में आज यानि 17 अप्रैल को दिन के 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के पुलिस कप्तानों को भाग लेने का निर्देश दिया गया है। बैठक में अभियान के तहत की गई कार्रवाई, अफीम की खेती नष्ट करने की प्रगति, तस्करी के मामलों में गिरफ्तारी, जब्ती और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इन जिलों के एसपी को निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लेने के लिए जिन जिलों के पुलिस कप्तानों को निर्देशित किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से रांची, चतरा, पलामू, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, लातेहार और खूंटी शामिल हैं।
संपूर्ण तैयारी के साथ शामिल होने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सभी अधिकारी निर्धारित तिथि और समय पर पूरी तैयारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में जिलेवार रिपोर्ट, कार्रवाई की स्थिति और संबंधित आंकड़ों की समीक्षा की जाएगी। यह आदेश सीआईडी एसपी (द्वितीय) की ओर से जारी किया गया है।
Also Read : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रेस हुए SSP, ड्राइवर-हेल्पर से बस-टेंपो तक कसा शिकंजा

