Dhanbad : असम में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय कुंग फू वुशु चैंपियनशिप में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर झारखंड का नाम रौशन करने वाली धनबाद की दो खिलाड़ियों से सांसद ढुल्लू मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने दोनों खिलाड़ियों को गुलदस्ता भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता में चिरकुंडा नगर परिषद के तालडांगा, नेहरू रोड निवासी जगमोहन सिंह की दोनों बेटियों ने भाग लिया था। शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों ने क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने सांसद के समक्ष धनबाद में प्रशिक्षण सेंटर की आवश्यकता और बेहतर सुविधाओं की मांग रखी। सांसद ढुल्लू महतो ने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं और उन्हें हर संभव सहयोग मिलेगा।
मौके पर सांसद ढुल्लू महतो ने झारखंड सरकार पर खिलाड़ियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित सुविधाओं और सहयोग के अभाव में खिलाड़ी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। मैं स्वयं एक फुटबॉलर रहा हूं, इसलिए खिलाड़ियों की पीड़ा समझ सकता हूं। झारखंड में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने की आवश्यकता है।”
Also Read : पटना एयरपोर्ट में तीसरा एयरोब्रिज शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

