Ranchi : देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और ‘लौहपुरुष’ भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रांची में “सरदार @150 पदयात्रा” का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा राजभवन के मुख्य द्वार से ओटीसी ग्राउंड तक हुई।
इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता और सेवा-भावना का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
राज्यपाल ने बताया कि सरदार पटेल ने भारत की 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी, और उनका संदेश हमेशा यही रहा कि “एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है”। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव को बढ़ाने के लिए इस वर्षगांठ को जन-आंदोलन के रूप में मनाया जाना सराहनीय है।

कार्यक्रम में रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल भी मौजूद थे। उन्होंने विशाल सरदार पटेल प्रतिमा का दर्शन किया और श्रद्धा-सम्मान व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम के तहत देशभर में पद यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं, ‘एक था सरदार’ पॉडकास्ट और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं, जो विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करेंगी।

