Chatra : चतरा पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह के चार गुर्गों को अवैध पिस्टल, जिंदा गोली और गिरोह के पर्चों के साथ गिरफ्तार किया है। इन लोगों के गिरफ्तार होते ही हाल ही में राजधर साइडिंग और NTPC टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं का भी खुलासा हो गया है।
चतरा पुलिस कप्तान सुमित अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो मैदान के पास किसी आपराधिक वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टंडवा एसडीपाओ प्रभात रंजन बरवार (आईपीएस) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार देर रात कारो मैदान में छापेमारी की और मौके से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों असजद रजा, शाहजहां अंसारी, महफूज आलम उर्फ लालू और गुलजार अंसारी उर्फ राजू बताये गये। सभी की उम्र 21 से 25 साल के बीच है। असजद रजा और महफूज आलम उर्फ लालू चतरा के रहने वाले हैं। वहीं, शाहजहां अंसारी और गुलजार अंसारी उर्फ राजू का घर रांची में है। इन लोगों के पास से दो 7.65 एमएम की पिस्टल, 10 जिंदा गोली, तीन एंड्रायड मोबाइल फोन और ‘राहुल सिंह आजाद सरकार’ लिखा चार पर्चा बरामद किया गया। शाहजहां अंसारी और महफूज आलम का आरपाधिक इतिहास रहा है। शाहजहां के खिलाफ तीन और महफूज के खिलाफ एक मामला पुलिस फाइल में दर्ज है।

फायरिंग कांड का खुलासा
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने कबूल किया कि उन्होंने ही 18 अगस्त 2025 को राजधर साइडिंग और 20 सितम्बर 2025 को NTPC टंडवा में लेवी वसूलने के उद्देश्य से हाईवा पर फायरिंग की थी। पुलिस ने इन दोनों घटनाओं का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है और फायरिंग में प्रयुक्त हथियारों को भी बरामद कर लिया गया है।

Also Read : पर्व-त्योहार के बाद एक्शन मोड में रांची डीसी, तीन कर्मचारियों को किया शोकॉज

