Hazaribagh : हजारीबाग: नशे के गंदे कारोबार पर हजारीबाग पुलिस ने जोरदार शिकंजा कसा है। पुलिस ने इस धंधे में लिप्त चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संदीप कुमार, मो. जाहिद आलम, मो. सहजाद उर्फ सोनू और मंजीत सिंह हैं। मो. जाहिद आलम रांची का निवासी है, संदीप और सहजाद चतरा से हैं, जबकि मंजीत सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है।
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 2.7 किलो अफीम, तीन बाइक, एक छह चक्का ट्रक और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। यह जानकारी हजारीबाग के पुलिस कप्तान अंजनी अंजन ने मीडिया को दी। एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों को पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास दबोचा गया। ASP अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने उनकी योजना को नाकाम कर दिया। आरोपी अफीम को पंजाब भेजने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उनकी तैयारी पर पानी फेर दिया।
पुलिस के ड्रग्स के खिलाफ अभियान में हाल ही में दो और बड़ी सफलता मिली है। 20 अक्टूबर को पेलावल ओपी क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान दो आरोपियों को 40 ग्राम ब्राउन शुगर और एक क्रेटा कार के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, 11 अक्टूबर को बरही थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान राजकुमार सिंह को 360 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया।

एसपी अंजनी अंजन ने साफ कहा, “नशे के धंधेबाजों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव-2025 को ध्यान में रखते हुए हम नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं।”
Also Read : अपनी ही बाइक में पेट्रोल छिड़क मार दी माचिस… जानें क्यों