Chaibasa : चाईबासा जिले में नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा करने बुधवार को सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। विशेष हेलिकॉप्टर से जिला मुख्यालय आने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान हालिया अभियानों और उपलब्धियों की जानकारी ली। बैठक में सीआरपीएफ के आईजी साकेत कुमार सिंह, कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने अब तक हुई कार्रवाइयों की समीक्षा की और आगे की रणनीति पर चर्चा की। सुरक्षा बलों को यह निर्देश दिया गया कि वे नक्सली गतिविधियों पर लगातार दबाव बनाए रखें।
उच्च स्तरीय बैठक में तय हुई रणनीति
सूत्रों के अनुसार, अब सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का सहारा लेंगे। इसकी तैयारी 6 सितंबर को रायपुर में हुई उच्च स्तरीय बैठक में की गई थी। इस बैठक में सीआरपीएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), स्पेशल ब्रांच, बीएसएफ और आईटीबीपी के अधिकारी मौजूद थे। एआई तकनीक के जरिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी और अभियान को और सटीक बनाने की योजना है।
मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य
गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के तिरिलपोशी, टोंटो, गोइलकेरा, गुदड़ी, झरझरा, बंदगांव और मनोहरपुर प्रखंड लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के गढ़ रहे हैं। इन इलाकों को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
हाल के अभियानों में मिली सफलता
पिछले कुछ महीनों में सुरक्षा बलों ने कई सफल अभियान चलाए हैं। इस दौरान नक्सलियों के बंकर ध्वस्त किए गए और बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए। बीते एक महीने में दो इनामी नक्सली भी मारे गए। लगातार हो रही कार्रवाई से नक्सली गतिविधियां सीमित हुई हैं, हालांकि कुछ दुर्गम इलाकों में अब भी उनका प्रभाव बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का बढ़ा भरोसा
सुरक्षा बलों की लगातार मौजूदगी और अभियानों से स्थानीय लोगों का भरोसा भी बढ़ा है। अधिकारियों का मानना है कि एआई तकनीक से निगरानी और सर्च ऑपरेशन और भी प्रभावी होंगे। इसके जरिए नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की पकड़ और मजबूत होगी।
Also Read : आईजी सुनील भास्कर ने छतरपुर अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश