Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और ‘दिशोम गुरु’ के नाम से मशहूर शिबू सोरेन की राजनीतिक यात्रा संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। धनबाद जिले के टुंडी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले शिबू सोरेन ने 1970 के दशक में भूमिगत रहकर आदिवासियों को एकजुट किया। इस दौरान उन्होंने महाजनों और साहूकारों के खिलाफ ‘धनकटनी आंदोलन’ छेड़ा, जिसने उन्हें टुंडी के आदिवासियों के बीच ‘दिशोम गुरु’ का दर्जा दिलाया।
JMM का गठन और पहली हार
4 फरवरी 1973 को धनबाद में JMM का गठन हुआ। 1977 में शिबू सोरेन ने टुंडी विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पहला चुनाव लड़ा, लेकिन जनता पार्टी के सत्यनारायण दुदानी से 8,532 वोटों से हार गए। हार के बाद वे टुंडी से गिरिडीह और फिर संताल परगना पहुंचे, जहां उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक चेतना जगाने का काम शुरू किया।
दुमका में बनाई मजबूत पैठ
1977 में दुमका पहुंचे शिबू सोरेन ने आदिवासियों के बीच गहरी पैठ बनाई। 1980 में उन्होंने दुमका लोकसभा सीट से कांग्रेस के दिग्गज पृथ्वीचंद किस्कू को हराकर पहली बार संसद में कदम रखा। इस चुनाव में उन्हें 1,12,160 वोट मिले, जबकि किस्कू को 1,08,647 वोट प्राप्त हुए। हालांकि, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस की लहर में वे दुमका सीट हार गए। इस बार किस्कू ने 1,99,722 वोटों के साथ उन्हें 1,02,535 वोटों पर रोक दिया।

जामा से विधानसभा, फिर दुमका में वापसी
1985 में शिबू सोरेन ने जामा विधानसभा सीट से बिहार विधानसभा चुनाव जीता। 1989 में वे फिर दुमका से लोकसभा पहुंचे, जहां उन्होंने पृथ्वीचंद किस्कू को हराया। इसके बाद 1991 और 1996 में भी वे दुमका से लगातार जीते। 1998 में भाजपा के बाबूलाल मरांडी से 13 हजार वोटों से हारने के बाद, 2002 के उपचुनाव में उन्होंने दुमका सीट फिर से हासिल की। 2004, 2009 और 2014 में भी शिबू सोरेन ने दुमका से जीत दर्ज की। हालांकि, 2019 में भाजपा के सुनील सोरेन ने उन्हें हरा दिया।
दिशोम गुरु का विरासत
शिबू सोरेन की राजनीतिक यात्रा आदिवासी हितों और सामाजिक न्याय के लिए उनके अथक संघर्ष की कहानी है। टुंडी के धनकटनी आंदोलन से लेकर दुमका की संसदीय सीट तक, दिशोम गुरु ने झारखंड के आदिवासियों के लिए एक मजबूत आवाज बनकर उभरे। उनकी यह यात्रा आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
Also Read : BIG BREAKING : दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन, CM हेमंत ने किया पोस्ट

