Ranchi: राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के मुख्य सचिव सभागार में 9 से 11 अगस्त 2025 तक होने वाले आदिवासी महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने की। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव श्री राजीव लोचन बख्शी ने महोत्सव की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि इस बार महोत्सव में ‘सेल्फी प्वाइंट’ बनाए जाएंगे, जो युवाओं और पर्यटकों के बीच महोत्सव की लोकप्रियता को बढ़ाएंगे। इसके अलावा, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि लोग सीधे लाभ उठा सकें। महोत्सव के दौरान फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड के स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित फिल्मों का प्रदर्शन होगा। महोत्सव स्थल तक पहुंचने वाले पाथवे को आदिवासी संस्कृति की झलकियों से सजाया जाएगा, जिससे आगंतुकों को झारखंड की समृद्ध विरासत का अनुभव हो सके।
महोत्सव में झारखंडी व्यंजन स्टॉल, ड्रोन शो, लेजर शो, और आदिवासी परिधान शो भी होंगे। इस बार महोत्सव की एक विशेष उपलब्धि होगी कि पहली बार कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, संपत सरल और अन्य क्षेत्रीय कवि शामिल होंगे।
रीझ-रंग रसिका का आयोजन 32 जनजातीय कलाकारों द्वारा किया जाएगा, जो झारखंड की समृद्ध आदिवासी कला और संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
बैठक में सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई, और सभी विभागों को समय पर काम पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए। इस बैठक में कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, रांची उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा, और नगर निगम आयुक्त श्री सुशांत गौरव सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया।