Giridih (Goswami Nath) : गिरिडीह के धर्मपुर में पत्थर माफियाओं का वर्चस्व चरम पर है। बिना लीज के अवैध पत्थर उत्खनन से न केवल सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के भौगोलिक सौंदर्य और पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ों के आसपास बसे 15 से 17 आदिवासी परिवार डर के साये में जी रहे हैं। उनके घर पहाड़ों से सटे हुए हैं, जिससे कभी भी जान-माल का खतरा बना रहता है। यह अवैध पत्थर उत्खनन बिरनी थाना क्षेत्र में किया जा रहा है।
दहशत में जी रहे आदिवासी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पत्थर माफिया बेखौफ होकर दिन-रात उत्खनन कर रहे हैं। इस दौरान भारी मशीनों और विस्फोटकों का उपयोग हो रहा है, जिससे पहाड़ों की संरचना कमजोर हो रही है। आदिवासियों का कहना है कि वे हर पल इस डर में जी रहे हैं कि कहीं पहाड़ धंसने से उनके घर तबाह न हो जाएं।
प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल
गिरिडीह जिले में अवैध उत्खनन धड़ल्ले से जारी है। पत्थर माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन की नाक के नीचे यह गोरखधंधा फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि अवैध उत्खनन पर रोक लगे और क्षेत्र में शांति बहाल हो।
Also Read : झारखंड में कई जिलों के रजिस्ट्रार का तबादला, देखें पूरी लिस्ट